कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव की तैयारी जोरों-शोरों पर हो रही है। जैसा की सभी जानते हैं कि आज तक इस पद पर सिर्फ एक ही परिवार का कब्जा रहा है। लेकिन अब कांग्रेस अपनी इस प्रथा को बदलने की कोशिश कर रही है। हालांकि, अभी तक यह पूरी तरह से साफ नहीं हो पाया है कि इस चुनाव में कौन-कौन उम्मीदवार है। लेकिन फिर भी अध्यक्ष पद के लिए खींचतान जारी है।
कांग्रेस के पुराने नेताओं में इस वक्त खलबली का माहौल है। दिग्विजय सिंह से लेकर, अशोक गहलोत तक सभी इस पद को पाने की कगार में खड़े हैं। इसी क्रम में अशोक गहलोत का एक बयान आया है जिसमें उनका कहना है कि उन्होंने राहुल गांधी से अध्यक्ष पद के लिए अनुरोध किया था, लेकिन राहुल का कहना है कि इस बार गांधी परिवार के बाहर का ही अध्यक्ष होगा।
कांग्रेस अध्यक्ष चुनाव की तस्वीर अब लगभग साफ होती दिख रही है। इसी क्रम में अशोक गहलोत जल्द ही नामांकन दाखिल करेंगे और यह भी तय हो गया है कि वो अब राजस्थान सीएम की कुर्सी भी छोडेंगे। इस बात की जानकारी खुद अशोक गहलोत ने दी है। गहलोत ने कहा कि विपक्ष को मजबूत होने की जरूरत है। कल से अध्यक्ष पद चुनाव के लिए नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो रही है। नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया 24 से 30 सितंबर तक चलेगी। नामांकन वापस लेने की अंतिम तारीख 8 अक्टूबर है। एक से अधिक उम्मीदवार होने पर 17 अक्टूबर को मतदान होगा और नतीजे 19 अक्टूबर को घोषित किये जाएंगे।