आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विभिन्न राज्यों के पर्यावरण मंत्रियों को संबोधित किया। इस संबोधन में पीएम ने राजनीतिक समर्थन प्राप्त ‘शहरी नक्सलियों व विकास विरोधी तत्वों’ को आड़े हाथ लिया। मोदी ने कहा कि आज का नया भारत नई सोच और नई अप्रोच के साथ आगे बढ़ रहा है। आज भारत तेजी से विकसित होती इकोनॉमी है और निरंतर अपनी इकोलॉजी को भी मजबूत कर रहा है। हमने देखा है कि Environment clearance के नाम पर देश में आधुनिक Infrastructure के निर्माण को कैसे उलझाया जाता था।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि राजनीतिक समर्थन प्राप्त ‘शहरी नक्सलियों व विकास विरोधी तत्वों’ ने गुजरात में नर्मदा नदी पर सरदार सरोवर बांध के निर्माण को कई वर्षों तक यह दावा करते हुए रोके रखा कि यह पर्यावरण को नुकसान पहुंचाएगा। इस देरी के कारण भारी धन राशि का नुकसान हुआ। अब जब बांध बनकर तैयार है, तो आप देख सकते हैं कि उनके दावे कितने खोखले थे।’ पीएम ने कहा जिस काम की शुरुआत नेहरू जी ने की थी वो काम पूरा हुआ मेरे आने के बाद।
मोदी ने आगे कहा जहां आप बैठे हैं एकता नगर में यह आंखें खोलने वाला उदाहरण है। कैसे अर्बन नक्सलों ने, विकास विरोधियों ने इतने बड़े प्रकल्प सरदार सरोवर डैम को रोक कर रखा था। इसका शिलान्यास देश आज़ाद होने के तुरंत बाद किया गया था। सरदार पटेल ने देश के एकीकरण में बड़ी भूमिका निभाई।
प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘ ये शहरी नक्सली अब भी सक्रिय हैं। मैं आपसे निवेदन करता हूं कि व्यवसाय को सुगम बनाने या जीवन को आसान बनाने वाली परियोजनाओं को पर्यावरण के नाम पर रोका ना जाए। ऐसे लोगों की साजिश से निपटने के लिए हमारे पास एक संतुलित दृष्टिकोण होना चाहिए।’’